ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रात्रि चौपाल में आए बुजुर्ग से कहा- गलत मत लिखो, आवास आएगा ही नहीं तुम्हारे, इसपर प्रधानमंत्री लिखोगे तब आएगा। इंदिरा आवास से मकान नहीं आएगा, ये तो पीएम मोदी आवास से आएगा। ये (इंदिरा आवास) तो बंद हो गई। इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारी से कहा- इसे सही करें और लिस्ट में देख कर बताएं कि आवेदन की क्या स्थिति है। टोंक के पीपलू तहसील क्षेत्र के संदेडा में शुक्रवार को रात्रि चौपाल आयोजित हुई। इसमें ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा और टोंक कलेक्टर टीना डाबी मौजूद रहीं। मंत्री बोले- बिना काम इंदिरा आवास लोगों की जुबां पर चढ़ा ऊर्जा मंत्री नागर ने रात्रि चौपाल के बाद मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- कांग्रेस ने एक दो आवास देकर इंदिरा आवास को पॉपुलर कर दिया। कांग्रेस ने हमेशा नाम के लिए काम किया है, कांग्रेस को नाम देने में महारत हासिल है। इसलिए बिना काम के ये नाम लोगों की जुबां पर चढ़ गया। जबकि पीएम आवास में 4 करोड़ आवास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिए हैं। आगे तीन करोड़ और देंगे। इसलिए मैंने इसे ठीक करवाया। JJM में बड़े नाम भी अंदर जाएंगे महेश जोशी की गिरफ्तारी को लेकर किए सवाल पर नागर ने कहा- जल जीवन मिशन में पहले से सत्तर-अस्सी अधिकारी जेल में हैं। फिर जल जीवन मिशन प्रिंसिपल सेक्रेटरी जेल गए हैं। कांग्रेस राज में जो भ्रष्टाचार हुआ है वह आज तक के इतिहास में कभी नहीं हुआ है। जल जीवन मिशन में बीस हजार करोड़ का घोटाला हुआ है। पहले भी ईडी ने पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी को गिरफ्तार किया था और अभी एसीबी अभी ACB ने गिरफ्तार किया है। अभी तो और आगे तक का भी नंबर आएगा। पूछताछ में अभी और बड़े नाम आएंगे। उनसे भी पूछताछ होगी।