चित्तौड़गढ़ शहर में शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज के पास एक गड्ढे में युवक की लाश मिली। युवक की पहचान करजाली निवासी हिम्मत सिंह (24) पुत्र रतन सिंह के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, हिम्मत सिंह शहर में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के होटल में काम करता था। परिवार और परिचितों के अनुसार वह 8 मई की रात होटल से ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक लेकर शहर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। काफी समय तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोग और होटल स्टाफ उसे अलग-अलग जगह तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। युवक के अचानक लापता होने से परिवार चिंतित हो गया था। सुबह बाइक मिलने के बाद खुला राज हिम्मत सिंह का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने सदर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। शनिवार सुबह परिवार के लोग और कुछ परिचित फिर से उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान बोजुंदा और मेडिकल कॉलेज के बीच सड़क किनारे बिजली के एक खंभे के पास झाड़ियों में उसकी बाइक दिखाई दी। बाइक मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद सभी आसपास के इलाके में तलाश करने लगे। बाइक से कुछ दूरी पर करीब 10 से 12 फीट गहरे एक गड्ढे में युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। खंभे से टकराने के बाद हादसे की आशंका घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को गड्ढे से बाहर निकलवाकर जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। माना जा रहा है कि बाइक चलाते हुए युवक की बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई होगी। हादसे के बाद वह सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।