मंडरायल ब्लॉक में गर्भाशय मुख कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। चिकित्सा और शिक्षा विभाग के समन्वय से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। पिछले तीन दिनों में ब्लॉक के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों पर कुल 404 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया है। बीसीएमओ मंडरायल डॉ. महेश कुमार मीणा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 से 15 वर्ष की अपनी सभी बालिकाओं को गर्भाशय मुख कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन कैंसर से सुरक्षा में प्रभावी है। यह अभियान राज्य सरकार और चिकित्सा विभाग के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसमें मंडरायल ब्लॉक के सभी स्कूलों और चिकित्सा संस्थानों की सक्रिय भागीदारी है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के समन्वय से स्कूल स्तर पर भी जागरूकता बढ़ाई गई, जिससे अभिभावकों का सकारात्मक सहयोग मिला। ब्लॉक के एसडीएच मंडरायल में 71, सीएचसी लांगरा में 56, सीएचसी करणपुर में 62, सीएचसी रोधई में 20, पीएचसी नींदर में 101, पीएचसी ओंड में 108, पीएचसी कसेड़ में 60, पीएचसी भाकरी में 43, पीएचसी चंदेलीपुरा में 50 और पीएचसी नायगांव में 23 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई। डॉ. महेश कुमार मीणा ने बताया कि मंडरायल ब्लॉक में जिले में सर्वाधिक एचपीवी वैक्सीनेशन दर्ज किया गया है। पीएचसी ओंड और पीएचसी नींदर का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पीएचसी नींदर में डॉ. बिनटू राठी के निर्देशन में 101 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत है।