अलवर जिले के अकबपुर थाना क्षेत्र में नटनी का बारा के पास एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया,और बाइक सवार ने अलवर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल युवक को तुरंत अकबरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मुकेश कुमार योगी (40) निवासी दुहारचोगान, थानागाजी के रूप में हुई है। परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार मुकेश अलवर में पल्लेदारी (मजदूरी) का काम करता था और रोजाना काम के बाद थानागाजी लौटता था। हादसे के दिन भी वह अलवर से अपने घर जा रहा था, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। मुकेश अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बस अलवर से नारायणपुर की ओर स्कूल स्टाफ को छोड़ने जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक थानागाजी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बस ने पीछे से टक्कर मार दी और बिना रुके मौके से निकल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अकबपुर थाने के एएसआई शिवराम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, फरार बस और चालक की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
