प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा बुधवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बेणेश्वर धाम में देवदर्शन किए और मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री शर्मा बांसवाड़ा जाते समय डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री शर्मा ने सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा और भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल के साथ बेणेश्वर धाम स्थित हरि मंदिर और शिव मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। वन मंत्री ने हरि मंदिर परिसर में बने श्री मावजी महाराज संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्हें मावजी महाराज द्वारा लिखित चौपड़ों और बेणेश्वर धाम के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। मंत्री शर्मा ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया। इसके बाद वे बांसवाड़ा के लिए रवाना हो गए।