भारतीय मजदूर संघ ने मंगलवार को जिले में ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एवं श्रम मंत्री के नाम जिलाधीश के माध्यम से ज्ञापन सौंपा, जिसमें श्रमिक हितों की मांग उठाई गई। जिला मंत्री दिलीप कुमार जांगिड़ ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय के बाहर एक सभा आयोजित की गई। इसमें संभाग संगठन मंत्री एवं जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह चौहान सहित कई पदाधिकारियों ने ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर प्रकाश डाला और सरकार से उनके शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में प्रमुख रूप से ठेका श्रम अधिनियम 1970 के तहत संस्थानों का पंजीयन सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त ठेका श्रमिकों को पहचान पत्र एवं नियुक्ति पत्र देने, 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर स्थायी कर्मचारियों की तरह ग्रेच्युटी व बोनस का भुगतान करने तथा सेवानिवृत्त श्रमिकों को पेंशन देने की मांग भी शामिल थी। अन्य मांगों में आठ घंटे से अधिक कार्य करने पर अगले माह के वेतन के साथ ओवरटाइम का भुगतान, ईएसआई व पीएफ की कटौती कर श्रमिकों को उसका लाभ देना, सभी श्रमिकों का सामूहिक बीमा कराना और 40 वर्ष की आयु के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था करना शामिल था। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संरक्षक दिलीप सेन, सीमेंट महासंघ महामंत्री शंकर सिंह लगेत, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र भाटी, उपाध्यक्ष मन्ना राम चौधरी सहित अजीत सिंह, सोहन सिंह, मनोहर सिंह, रोशन काठात, भगवान सिंह, गोपाल भारती, सुवानाथ, जीवन माली, सांवरलाल, सुगन सिंह, जितेंद्र पाल, लक्ष्मण सिंह, सुरेश राम, हाकम सिंह, खैताराम, त्रिलोक सिंह सांगरवास, रतन सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।