जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी मुकाबलों से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। पिछले मैच के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों और हालिया बारिश से हुए नुकसान के बाद खेल परिषद और राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन एक बार फिर एक्टिव मोड में आ गया है, ताकि अगले मुकाबलों में किसी तरह की परेशानी न हो। दरअसल, जयपुर में 1 मई को खेले गए IPL मैच के दौरान स्टेडियम की नॉर्थ ईस्ट स्टैंड की फ्लड लाइट अचानक कुछ सेकंड के लिए बंद हो गई थी। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण मैच को करीब 40 सेकंड तक रोकना पड़ा था। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई, लेकिन इस घटना ने स्टेडियम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके अलावा बीते दिनों हुई बारिश के बाद स्टेडियम परिसर में लगाए गए राजस्थान रॉयल्स के कई फ्लेक्स और होर्डिंग्स भी गिर गए। इससे न केवल व्यवस्थाओं की पोल खुली, बल्कि, सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। अब इन सभी व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए संबंधित टीमें तेजी से काम में जुट गई हैं। जानकारी के अनुसार स्टेडियम में फ्लड लाइट सिस्टम की दोबारा जांच की जा रही है, वहीं गिरे हुए फ्लेक्स और होर्डिंग्स को नए सिरे से मजबूत तरीके से लगाया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। जयपुर में IPL के दो और मुकाबले खेले जाने हैं। 9 मई को राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा, जबकि 19 मई को टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इन मैचों को लेकर फैंस में खासा उत्साह है, ऐसे में प्रशासन और फ्रेंचाइजी दोनों ही व्यवस्थाओं को लेकर कोई चूक नहीं छोड़ना चाहते।