भरतपुर में मंगलवार को दो पक्ष भिड़ गए। एक- दूसरे पर पथराव किया, जिसमें एक महिला का सिर फूट गया और दूसरी के हाथ में चोट आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला मथुरा गेट थाना क्षेत्र के सूरजपुरा कॉलोनी का है। थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि मीनम पुत्री सांवलिया मीणा और रेखा पत्नी नारायण के परिवार के लोगों में आज सुबह करीब 6 बजे झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दे दी है। एक पक्ष ने दूसरे पर गाय चुराने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं। देखिए- मारपीट की 3 तस्वीरें घर के बाहर से गाय ले जाने पर हुआ विवाद
मंजू ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले सांवलिया मीणा के घर की महिलाएं 3 मई को हमारे घर के बाहर बंधी हुई गाय को चुराकर ले गई। हमनें गाय को हर जगह तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि सांवलिया के घर की महिलाएं उनकी गाय को ले गई हैं। इसके बाद हमारे(मंजू) परिवार के लोग सांवलिया के घर पहुंचे और हमारी गाय मांगी। लेकिन उनके परिवार ने गाय देने से मना कर दिया। इसके बाद सोमवार को भी दोनों पक्षों में गाय को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद मंजू ने मथुरा गेट थाने में गाय चुराने और मारपीट की शिकायत दी थी। आज मंगलवार को मंजू की बहन रेखा घर के बाहर अपनी दूसरी गाय का दूध निकाल रही थी। इस दौरान सांवलिया मीणा के परिवार ने मंजू के परिवार पर हमला कर दिया। इसके बाद गली में दोनों पक्ष आपस में उलझ पड़े और एक- दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में रेखा के सिर पर दरांती से वार किए, जिससे उसका सिर फूट गया। जबकि मंजू के हाथ में चोट लगी है। मामले में आज सांवलिया पक्ष की तरफ से भी शिकायत दी गई है। पुलिस ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोनों पक्षों की घायल महिलाओं का जिला हॉस्पिटल में मेडिकल भी करवाया जा रहा है।