सलूंबर कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की गुणवत्ता, संख्या और रख-रखाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पौधों की गुणवत्ता पर जोर दिया निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभियान की सफलता के लिए पर्याप्त संख्या में गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल, संरक्षण और आवश्यकतानुसार दवा छिड़काव के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए पौधों के लिए छाया और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि पौधों की जीवितता दर बढ़ाई जा सके। कलेक्टर ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नर्सरी में खजूर और सहजन के पौधे भी उपलब्ध रखने को कहा। इस दौरान उन्होंने वर्मीकंपोस्ट इकाई का भी निरीक्षण किया। विभागों को लक्ष्य आवंटित किए ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को पौधारोपण के लक्ष्य आवंटित किए हैं। इनमें पंचायती राज विभाग को 6 लाख, शिक्षा विभाग को 4 लाख, वन विभाग को 3 लाख, कृषि विभाग और खान-भू विभाग को 1-1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। अन्य विभागों को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण करने के निर्देश जारी किए गए हैं। रेंजर दिलीप सिंह ने बताया कि जिले में कुल 10 नर्सरियां संचालित हैं। सलूंबर नर्सरी में वर्तमान में करीब 1 लाख 75 हजार पौधे तैयार किए जा रहे हैं।