प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच राजस्थान पुलिस ने अपने जवानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक पहल शुरू की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राज्यभर के कॉंस्टेबलों को 5 लाख ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट) पैकेट्स वितरित किए जाएंगे। एक जवान को 10-10 ओआरएस पैकेट्स देंगे इस अभियान के तहत एक जवान को 10-10 ओआरएस पैकेट्स उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि ड्यूटी के दौरान डिहाइड्रेशन और लू के प्रभाव से बचाव किया जा सके। विशेष रूप से यातायात, कानून-व्यवस्था, गश्त और अन्य सार्वजनिक सेवाओं में तैनात पुलिसकर्मियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इस जनहितकारी पहल में रोटरी क्लब मुंबई से जुड़े प्रवासी राजस्थानी आशीष पोद्दार का सहयोग प्राप्त हुआ है। पूरे अभियान का संचालन शरद चौधरी के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में राहत सामग्री को राज्य के 12 पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों और राजस्थान से बाहर संचालित 4 प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही रेंज आईजी के माध्यम से हर कांस्टेबल तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। 90 हजार ओआरएस पैकेट्स राजस्थान पुलिस एकेडमी पहुंचे अभियान के तहत पहली खेप के रूप में 90 हजार ओआरएस पैकेट्स सोमवार को राजस्थान पुलिस एकेडमी पहुंचे हैं, जहां से इन्हें विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में भेजा जा रहा है। दूसरी खेप में भी 90 हजार पैकेट्स मंगलवार को पहुंचने की संभावना है, जबकि आगामी 5 से 7 दिनों में अतिरिक्त आपूर्ति भी प्राप्त होगी। डीआईजी चौधरी ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ऐसे में यह पहल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए राहत प्रदान करने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बल्कि ड्यूटी पर डटे जवानों के लिए सचमुच “राहत की ठंडी फुहार” बनकर सामने आई है।
