हनुमानगढ़. प्रदेश की इंदिरागांधी नहर में आगामी रबी सीजन में फसलों की बिजाई के लिए कितना पानी मिलेगा, इसका निर्धारण शुक्रवार दोपहर बारह बजे होने वाली जल परामर्शदात्री समिति की बैठक में किया जाएगा। इस अहम बैठक में संबंधित जिलों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल होकर आगामी रबी सीजन का रेग्यूलेशन तैयार करेंगे। बीबीएमबी स्तर पर बांधों में भंडारित पानी का गणित तैयार कर लिया गया है। इसकी सूचना स्थानीय अधिकारियों को दे दी गई है। इसके आधार पर स्थानीय अधिकारियों ने रबी सीजन का प्रस्तावित रेग्यूलेशन तैयार किया है। जिसे शुक्रवार को होने बैठक में सदस्यों के समक्ष रखा जाएगा। जल संसाधन विभाग उत्तर संभाग हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में उक्त बैठक रखी गई है। दोपहर बारह बजे होने वाली बैठक की तैयारी विभाग स्तर पर पूरी कर ली गई है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, संगरिया, पीलीबंगा, नोहर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़, खाजूवाला, चूरू आदि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने को लेकर सूचना भेजी गई है। इस बार समय पर बांधों के लबालब होने से राजस्थान के किसानों को काफी फायदा मिलने के आसार हैं। उम्मीद की जा रही है कि रबी फसलों की बिजाई के लिए किसानों इस बार पूरा पानी मिल सकता है। भाखड़ा बांध की कुल भराव क्षमता 1685 फीट के करीब है। वहीं पौंग बांध की कुल भराव क्षमता 1390 से 1395 फीट मानी जाती है। इस तरह कुल भराव क्षमता के अनुसार इस बार बांध भरे हुए हैं।