राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए किशनगढ़ बास विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मीरका में रविवार को एक एलईडी मोबाइल वैन पहुंची। वैन के गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और उन्होंने योजनाओं से संबंधित जानकारी ध्यानपूर्वक सुनी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामहेत यादव ने ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। यादव ने बताया कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। एसडीएम मनीष कुमार जाटव ने बताया- इस अभियान का लक्ष्य सरकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर पात्र लाभार्थियों को सीधा लाभ देना है। एलईडी मोबाइल वैन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं, विकास कार्यों और सुविधाओं की जानकारी सरल भाषा में प्रस्तुत की, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पहले कई सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं थी। इस पहल के माध्यम से अब उन्हें योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर तक पहुंच पाएगा। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने एलईडी मोबाइल वैन के कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया। इस जनजागरूकता अभियान को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की। इस अवसर पर नायब तहसीलदार मुकेश कुमार और मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
