विजिलेंस ब्यूरो ने एक लाख रुपए की रिश्वत लेने के मामले में डीएसपी भुच्चो रविंदर सिंह रंधावा को नामजद किया है। यह मामला एक झगड़े के निपटारे से जुड़ा है, जिसमें उनके रीडर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। विजिलेंस टीम ने 1 जुलाई को डीएसपी भुच्चो रंधावा के रीडर राज कुमार को डीएसपी कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार किया था। डीएसपी भुच्चो रंधावा पर गांव कल्याण सुक्खा के सरपंच कुलविंदर सिंह और उनके बेटों को एक मामले से निकालने के बदले एक लाख रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है। यह मामला 20 मई 2025 का है, जब नथाना पुलिस ने नथाना के गांव कल्याण सुक्खा के सरपंच कुलविंदर सिंह और उनके दो बेटों के खिलाफ एक जमीनी विवाद में केस दर्ज किया था। DSP को सौंपी गई थी जांच की जिम्मेदारी सरपंच की पत्नी परमजीत कौर ने अपने पति और बेटों को बेकसूर बताते हुए एसएसपी बठिंडा अमनीत कौंडल से शिकायत की थी और मामले की जांच की मांग की थी। एसएसपी ने इस मामले की जांच डीएसपी भुच्चो रविंदर सिंह को सौंपी थी। जांच के दौरान, खुद को डीएसपी का रीडर बताने वाले हेड कांस्टेबल राज कुमार ने शिकायतकर्ता परमजीत कौर से उनके पति और बेटों को बेगुनाह साबित करने के लिए डीएसपी के नाम पर पांच लाख रुपए की मांग की। बाद में यह सौदा एक लाख रुपए में तय हुआ। 1 जुलाई को परमजीत कौर एक लाख रुपए की पहली किश्त देने के लिए महिला थाने में बने डीएसपी भुच्चो के दफ्तर पहुंचीं। परमजीत कौर ने सबूतों के साथ पहले ही विजिलेंस को शिकायत दे दी थी। इसी शिकायत के आधार पर डीएसपी इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने थाने के आसपास जाल बिछाया था।