लुधियाना के माल रोड स्थित गणपति ज्वैलर्स के बाहर शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक कैश वैन के सिक्योरिटी गार्ड की राइफल से अचानक गोली चल गई। गनीमत रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी। गोली सीधा एक पेड़ पर जा लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सिक्योरिटी गार्ड अपनी राइफल को साफ कर रहा था, तभी अचानक गोली चल पड़ी। घटना लगभग शाम साढ़े पांच बजे के आसपास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोल बरामद किया और संबंधित सिक्योरिटी गार्ड को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गार्ड के कागजात और हथियार की वेरिफिकेशन की जा रही है। फिलहाल थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
