सिरोही डीएसटी और पिंडवाड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। नाकाबंदी के दौरान एक कार से 121 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया है। हालांकि, कार में सवार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि डीएसटी टीम प्रभारी और पिंडवाड़ा थाने के उप निरीक्षक हुकुम सिंह के नेतृत्व में दल ने सांभरधरा कट हाईवे पर उदयपुर की तरफ से आ रही एक बलेनो कार को रोका। तलाशी लेने पर कार के अंदर छिपाकर रखा गया यह अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, कार में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर घने जंगल में भागने में सफल रहे। पुलिस ने डोडा पोस्त के साथ कार को जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है और उनकी धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। बरामद किए गए डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत 18.15 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में डीएसटी टीम प्रभारी कमल सिंह, पिंडवाड़ा थाने के उप निरीक्षक हुकुम सिंह के साथ हेड कांस्टेबल मांगीलाल, कांस्टेबल भावेश कुमार, जितेंद्र सिंह, लोकेश कुमार और कल्याण सिंह शामिल थे।
