राजस्थान में बीजेपी नेताओं और अधिकारियों के बीच विवादों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। धौलपुर और सीकर के बाद अब श्रीगंगानगर में जनसुनवाई के दौरान बीजेपी विधायक जयदीप बिहाणी और RUIDP इंजीनियरों के बीच कथित मारपीट और हंगामे ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस घटना के बाद जहां कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिसको लेकर अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने अपना पक्ष रखा है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि संगठन स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच कर ली गई है, अगले दो से तीन दिनों में विवाद का समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले को सम्मानजनक तरीके से सुलझाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों दोनों की गरिमा बनी रहेगी। इस दौरान राठौड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीर और तत्पर रहने की सलाह दी, वहीं जनप्रतिनिधियों को भी संयम बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद को बढ़ाने के बजाय समझदारी और संवाद के जरिए समाधान निकालना जरूरी है। ताकि जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए। इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीजेपी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। मदन राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता इस मुद्दे को बेवजह तूल देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अशोक गहलोत और टीकाराम जूली पर भी यू-टर्न लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए, ताकि प्रदेश में अनावश्यक तनाव न बढ़े। बता दें कि श्रीगंगानगर विवाद ने एक बार फिर राजस्थान की राजनीति में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लड़ाई को जग जाहिर कर दिया है। हालांकि बढ़ते विवाद के बाद जहां बीजेपी नेता मामले में बैक फुट पर नजर आ रहे हैं। वहीं कांग्रेसी नेता सरकार के खिलाफ मोर्चा खुले हुए हैं।