डीडवाना में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के तहत ‘ग्राम रथ’ शुक्रवार को पंचायत समिति डीडवाना की ग्राम पंचायत बालिया और रामसाबास पहुंचा। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ रथ का भव्य स्वागत किया। इस दौरान गांवों में भारी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें भारी जनसमूह उमड़ा। इन शिविरों में ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाली नीतियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने लोगों से इन योजनाओं के प्रति जागरूक होकर अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय रहे। प्रशासक वसीम अकरम, नवाज शरीफ, पटवारी पन्नाराम, ग्राम विकास अधिकारी प्रवेंद्र शर्मा और निर्मल शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। समाजसेवी मोहसिन और अब्दुल शमीम समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर मौजूद थे। ग्राम विकास अधिकारियों और पटवारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया। समाजसेवियों ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ‘ग्राम रथ’ के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और योजनाओं का लाभ समय पर मिल पाएगा।
