श्रीगंगानगर में AEN और भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के बीच विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- विधायक ने मेरे लातें मारी और पाइप से पीटा। नई शर्ट पहनाकर पुलिस को सौंपा। इधर, जमानत मिलने पर बाहर आए एईएन की बेटी पिता के गले लगकर रोने लगी। एलएंडटी के मैनेजर शहनवाज हसन और इंजीनियर सोहम परमार को भी जमानत मिल गई। जमानत के बाद तीनों अधिकारियों ने जिला पारिषद में मीडिया से बात की। इस दौरान RUIDP एईएन जगनलाल बैरवा फटी हुई बनियान पहनकर पहुंचे और अपनी आंख दिखाते हुए बताया कि उन्हें बुरी तरह से पीटा गया। इतना ही नहीं पुलिस को सौंपने से पहले नई शर्ट भी पहनवाई, ताकि ऐसा लगे कि कुछ हुआ ही नहीं है। RUIDP एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा– गुरुवार सुबह उन्हें एक्सईएन मोनिंद्रजीत सिंह और एईएन कृष्ण धारीवाल ने एसडी बिहाणी कॉलेज स्थित विधायक सेवा केंद्र में बुलाया था। 11:30 बजे विधायक के फोन से कॉल कर उन्हें जल्दी पहुंचने को कहा गया। मैं शहनवाज हसन और सोहम परमार के साथ पहुंचा ही था कि विधायक जाने के लिए गाड़ी में बैठे थे। जैसे ही मैंने विधायक से मिलने की कोशिश की, बिहाणी ने थप्पड़ मारने शुरू कर दिए और गालियां दी। विधायक के समर्थकों न जमीन पर पटक दिया, लातें मारी और पाइप से पीटा। विधायक खुद भी लगातार लातें मारते रहे। एईएन जगनलाल बैरवा बोले- आंख से देख भी नहीं पा रहा RUIDP एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- अब एक आंख से ठीक से दिखाई भी नहीं दे रहा है। बाएं पैर का अंगूठा भी टूट गया है। बैरवा ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
आरयूआईडीपी इंजीनियर्स बोले- ईंट से ईंट बजा देंगे राजस्थान कौंसिल ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स के प्रदेशाध्यक्ष बलराम जाखड़ ने कहा कि मीटिंग के नाम पर बुलाकर मारपीट की गई। इतना ही नहीं मोबाइल तक जब्त कर लिए गए, ताकि घटना का वीडियो नहीं बना सकें। अगर बैरवा के साथ जल्द न्याय नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में कार्य बहिष्कार कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ये था पूरा मामला दरअसल, श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जनसुनवाई के दौरान मारपीट का मामला सामने आया था। विधायक का आरोप था कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। विधायक ने कहा थाा- मेरी एक आंख और चेहरे पर चोट आई है, मेरा चश्मा भी टूट गया। विधायक की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने तीनों अधिकारियों RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज और LT कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोएम को गिरफ्तार किया था। …… ये खबर भी पढ़ें… भाजपा विधायक को अधिकारियों ने पीटा:जयदीप बिहाणी बोले-मेरे चेहरे पर वार किए, लोगों ने कहा-MLA ने अफसरों को गाली दी, मारपीट की श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जनसुनवाई के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। विधायक का आरोप है कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। विधायक ने कहा- मेरी एक आंख और चेहरे पर चोट आई है, मेरा चश्मा भी टूट गया है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)
