जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में उधार में नींबू देने से मना करने पर कुछ युवकों ने एक सब्जीवाले को लाठी-डंडों से पीट दिया। मारपीट 27 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की गई थी। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों का कहना है कि वो इलाके में डर पैदा करना चाहते थे। डीसीपी नॉर्थ उत्तर करण शर्मा ने बताया- 28 अप्रैल को केस दर्ज किया गया है। 27 अप्रैल की शाम को एक सब्जी दुकानदार और कुछ युवकों के बीच नींबू के पैसों को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी दुकान में घुस गए और दुकानदार पप्लू लाल सैनी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना जयसिंहपुरा खोर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीशनल डीसीपी नीरज पाठक के निर्देशन में और सुरेन्द्र सिंह राणावत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर गिरफ्तार किया करण शर्मा ने बताया- मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के जयसिंहपुरा खोर स्थित घरों पर दबीश दी थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी घर से फरार होकर जयपुर दिल्ली रोड़ स्थित चंदवाजी में रुके हुए थे। पुलिस ने आरोपियों की मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर चंदवाजी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी इलाके में पैदल चलाया। जहां सब्जीवाले की पिटाई की थी। इस दौरान आरोपी लंगड़ाते हुए पैदल चलकर थाने तक पहुंचे। करण शर्मा ने बताया- जयसिंहपुरा खोर थानाप्रभारी मुकेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों मोहित शर्मा (29), किशन सैनी (30), अमित सैनी (20) और शैलेन्द्र पांचाल (34) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने माना है कि दुकानदार द्वारा उधार में नींबू नहीं देने पर इलाके में डर पैदा करने के उद्देश्य से यह हमला किया। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है। ये भी पढ़ें… नींबू के पैसे मांगने पर दुकानदार को पीटा-VIDEO:लाठी-डंडे से जमकर मारपीट की; दुकानदार बोला- युवक सब्जी उधार लेकर रुपए नहीं देते है फल-सब्जी की दुकान पर नींबू लेने आए युवक ने दुकानदार को जमकर पीटा। दुकानदार ने उससे नींबू के पैसे मांगे थे, जिस पर वो भड़क गया। इसके बाद अपने साथियों के साथ लाठियों से मारपीट की। आस-पास के लोगों के आने पर युवक भाग गया। दुकानदार का कहना है कि युवक सब्जी उधार लेकर जाते है लेकिन पैसे नहीं देते है। (पूरी खबर पढ़ें)
