जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित कायलाना झील में गुरुवार सुबह एक युवती ने छलांग लगा दी। उसने एक परिचित लड़के-लड़की की धमकियों से परेशान होकर यह खौफनाक कदम उठाया। मौके पर मौजूद गोताखोरों और महिला पुलिसकर्मियों की तत्परता से युवती को डूबने से बचा लिया गया। पानी से बाहर निकालने के बाद टीम ने उसे सीपीआर देकर होश में लाया, जिसके बाद उसे मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल ले गए। बाद में पुलिस की सूचना पर वहां पहुंचे परिजनों को सौंप दिया। डूबते देख पुलिस व गोताखोरों को दी आवाज सुबह करीब 10:30 बजे कायलाना झील पर तैनात गार्ड व कैमरामैन ने वहीं गश्त कर रही पुलिस की कालिका यूनिट की कांस्टेबल रूपा, सुगर, संगीता और अनु को बताया कि एक लड़की पानी में कूद गई है। इस पर वे उस तरफ दौड़ीं। वहीं, स्पीड बोट कंपनी के मैनेजर सुरेश मेवाड़ा ने भी जब आवाज सुनी, तो उन्होंने टीम को अलर्ट किया। मुस्तैदी दिखाते हुए पास ही मौजूद गोताखोर मदन सिंह, भागीरथ, नारायण और वेलाराम ने देखा कि एक युवती पानी में डूब रही है और वह किनारे से काफी दूर है। स्पीड बोट से पहुंचे, दो गोताखोरों ने लगाई छलांग दूरी अधिक होने के कारण गोताखोर तुरंत स्पीड बोट लेकर मौके पर पहुंचे। युवती को डूबता देख गोताखोरों ने पानी में छलांग लगा दी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पानी से बाहर लाने पर कालिका यूनिट की टीम ने बिना समय गंवाए उसे सीपीआर दिया, जिससे युवती को होश आ गया। इसके बाद उसे पानी पिलाकर किनारे पर बैठाया गया। युवती को बाहर निकालने के बाद राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह को घटना की जानकारी दी। साथ ही युवती को एमडीएम हॉस्पिटल ले जाया गया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी बड़ी बहन को सूचना देकर हॉस्पिटल बुलाया और युवती को उनके सुपुर्द कर दिया। किनारे बैठकर मोबाइल पर बात कर रही थी… प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- स्पीड बोट्स पाइंट से कुछ दूरी पर लड़की फोन चलाते हुए दिखी थी, जैसा अमूमन नजर आता है। इसलिए किसी ने उस पर ज्यादा गौर नहीं किया। इस दौरान वो किसी से मोबाइल पर बात भी कर रही थी। बाद में वो पानी के झरने की तरफ कब पहुंची, उसके छलांग लगाने के बाद ही इसका पता चला। होश आने पर बताया- ‘एक लड़का-लड़की ने कर रखा है टॉर्चर’ युवती को पूरी तरह होश आने के बाद पुलिस ने उससे सुसाइड की कोशिश का कारण पूछा, तो उसने बताया कि एक लड़का और एक लड़की उसे लंबे समय से परेशान कर धमकियां दे रहे हैं। उसी मानसिक रूप से टॉर्चर की वजह से तंग आकर उसने अपनी जान देने का प्रयास किया। इसके लिए पुलिस को अलग से रिपोर्ट भी देने की बात कही है। राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि वे घटनाक्रम के बारे में पूरी जानकारी जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि युवती को परेशान करने वाले कौन हैं और कहां का मामला है। पूरी पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
