नाथद्वारा में गुरुवार को उदयपुर की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने उपखंड अधिकारी कार्यालय एवं तहसील की शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के कामकाज की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक दिवसीय दौरे पर पहुंची संभागीय आयुक्त ने सुबह सबसे पहले श्रीनाथजी मंदिर में मंगला व श्रृंगार झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे उपखंड कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने कैश, लेखा, स्थापना, ऑडिट, स्टोर, राजस्व शाखा सहित न्यायालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, छाया व्यवस्था और आमजन को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। संभागीय आयुक्त ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश भी दिए। निरीक्षण पूर्ण होने के बाद वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए उदयपुर रवाना हो गईं।