शहर में विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम में रावण दहन का भव्य आयोजन हुआ, जिसने धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक प्रस्तुत किया। इसी अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने एक विशाल भगवा वाहन रैली भी निकाली। प्रभु श्रीराम की सवारी रघुनाथ जी बड़ा मंदिर से शाम 4:25 बजे गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई। यह अग्रसेन बाजार, पांच बत्ती, महावीर बाजार, मेवाड़ी गेट होते हुए कृषि उपज मंडी चौराहे से सेदरिया रोड होकर स्टेडियम पहुंची। इस दौरान भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े। प्रभु श्रीराम की भूमिका आदित्य शर्मा ने लक्ष्मण की भूमिका उज्ज्वल टेलर ने और हनुमान की भूमिका रमाशंकर गोड़ ने निभाई। रावण दहन से पहले शानदार आतिशबाजी की गई। इसके बाद प्रभु राम ने प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाकर रावण का वध किया। इस अवसर पर विधायक शंकरसिंह रावत, जिला कलेक्टर कमलराम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा और नगर परिषद आयुक्त श्रवण चौधरी सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर मीणा, एसडीएम दिव्यांश सिंह और विधायक रावत ने भी प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाए। हालांकि, भारी भीड़ के कारण सेदरिया मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। एक एम्बुलेंस भी कुछ देर के लिए फंस गई, जिसे नागरिकों के सहयोग से रास्ता दिलवाया गया। विजयादशमी के उपलक्ष्य में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल और राष्ट्रीय महिला परिषद के तत्वावधान में नगर में एक विशाल भगवा वाहन रैली का आयोजन किया गया। अजमेर रोड से शुरू हुई इस रैली का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रजापति ने “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ किया।
