सीकर में आज सुबह हुई आंधी और बारिश के बाद आज तापमान में गिरावट हुई है। सीकर में 9 दिन बाद आज तापमान 40 डिग्री से नीचे आया। दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही का क्रम बना रहा। सीकर में आज तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट हुई है। बीती रात सीकर के कुछ इलाकों में धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि जिला मुख्यालय पर अलसुबह मौसम बदला। अब अगले 48 घंटे तक मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। सीकर में पिछले डेढ़ सप्ताह से दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ था। सोमवार को आंधी और बूंदाबांदी के बाद से तापमान में गिरावट होने लगी और आज करीब डेढ़ सप्ताह बाद तापमान 40 डिग्री से नीचे आया है। सीकर समेत शेखावाटी क्षेत्र में 2 दिन से निम्न वायुदाब का प्रभाव बना हुआ है, इस वजह से बारिश की गतिविधियां एक्टिव हुई हैं। बात करें सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप के बीच हवाओं की वजह से आज तापमान में गिरावट रही। सीकर में अगले एक सप्ताह तक बादलों की आवाजाही रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूरे उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में नया वेदर सिस्टम एक्टिव है। फिलहाल एक सप्ताह तक मौसम में बार-बार बदलाव होंगे। अप्रैल महीने के अंतिम दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहेगा। इस बीच धूल भरी अांधियां चलने और बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
