राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। देवस्थान विभाग की बैठक में मंत्री जोराराम कुमावत ने अधिकारियों को पोर्टल में जरूरी बदलाव कर आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत 60 साल या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी खर्च पर देश और विदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। इस बार करीब 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से, जबकि 6 हजार लोगों को हवाई यात्रा के जरिए नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य उन बुजुर्गों को धार्मिक यात्रा की सुविधा देना है, जो आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते हैं। ट्रेन से किन-किन जगहों की करवाई जाएगी यात्रा योजना के तहत ट्रेन से कई धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। इसमें हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, वाराणसी, सारनाथ, मथुरा, वृंदावन, द्वारका, सोमनाथ, तिरुपति, कामाख्या, गंगासागर, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, वैष्णो देवी, अमृतसर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, बिहार शरीफ, पटना साहिब और नांदेड़ जैसे तीर्थ स्थल शामिल हैं। आवेदक आवेदन के समय अपनी पसंद के 3 तीर्थ स्थल चुन सकेंगे। हवाई जहाज से कहां ले जाया जाएगा हवाई यात्रा के तहत चयनित यात्रियों को नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। यात्रियों को पहले जयपुर से बस के जरिए दिल्ली ले जाया जाएगा। वहां से हवाई जहाज के माध्यम से नेपाल भेजा जाएगा। पूरी यात्रा सरकार की ओर से तय व्यवस्था के अनुसार करवाई जाएगी। कैसे होगी यात्रा और क्या रहेगा खर्च योजना में यात्रा का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। यात्रियों के साथ डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, अनुरक्षक और सरकारी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। ट्रेन के हर कोच में व्यवस्था संभालने के लिए स्टाफ रहेगा। हवाई यात्रा में भी यात्रियों के साथ सरकारी अनुरक्षक भेजे जाएंगे। यात्रियों को केवल अपने घर से तय रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट तक अपने खर्च पर पहुंचना होगा। आवेदन करते समय किन दस्तावेजों की जरूरत होगी ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवेदक को मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट अपलोड करना होगा। इसमें सरकारी चिकित्सा अधिकारी से प्रमाणित होना चाहिए कि व्यक्ति यात्रा के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम है। साथ ही 2 आपातकालीन संपर्क व्यक्तियों के नाम और मोबाइल नंबर भी देने होंगे। लॉटरी से होगा यात्रियों का चयन आवेदन संख्या अधिक होने पर जिला स्तर पर कंप्यूटराइज्ड लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित यात्रियों की सूची जिला कलेक्टर कार्यालय और देवस्थान विभाग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। चयनित व्यक्ति ही यात्रा कर सकेगा और उसके स्थान पर कोई दूसरा व्यक्ति यात्रा नहीं कर पाएगा। पति-पत्नी और सहायक को भी मिल सकती है सुविधा आवेदक अपने साथ जीवनसाथी या सहायक को ले जा सकता है। यदि आवेदक की उम्र 70 साल से अधिक है तो वह सहायक को साथ ले जाने के लिए आवेदन कर सकता है। सहायक की उम्र 21 से 50 साल के बीच होनी चाहिए। पति-पत्नी दोनों एक साथ यात्रा कर सकते हैं, लेकिन ऐसे में अलग सहायक की सुविधा नहीं मिलेगी। योजना की निगरानी के लिए बनी 7 सदस्यीय कमेटी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के संचालन और निगरानी के लिए सरकार ने 7 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी की अध्यक्षता देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत करेंगे। समिति में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, अल्पसंख्यक मामलात विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, देवस्थान विभाग के शासन सचिव, पर्यटन विभाग के शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव और देवस्थान विभाग के आयुक्त को सदस्य बनाया गया है। यह कमेटी यात्रा व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और योजना के बेहतर संचालन पर नजर रखेगी।
