मालेरकोटला शहर में चोरी की दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं। चोरों ने एक घर से 10 तोले सोने के गहने और 2.31 लाख रुपए नकद चुरा लिए, जबकि रेलवे फ्लाईओवर के नीचे खड़ा एक टाटा 207 ट्रक भी चोरी हो गया। थाना सिटी-2 मालेरकोटला पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना स्थानीय अक्सा कॉलोनी में अब्दुल शकूर उर्फ काला के घर में हुई। देर रात चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए, जब परिवार के सदस्य सो रहे थे। बताया जा रहा है कि बिजली कटौती के कारण परिवार के कुछ सदस्य छत पर थे, जबकि बाकी स्टोर रूम के पास बने कमरे में आराम कर रहे थे। चोरों ने अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे दो सोने के हार, पांच अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स तथा 2 लाख 31 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। परिवार को सुबह जागने पर चोरी का पता चला। पीड़ित बोला- 10 मई को शादी होनी है पीड़ित मोहम्मद साहिल ने बताया कि यह गहने और नकदी उनकी बहन की 10 मई को होने वाली शादी के लिए संभालकर रखे गए थे। इस चोरी से परिवार सदमे में है और शादी की तैयारियों पर भी असर पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अब्दुल शकूर के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा नंबर 97 दर्ज किया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह को सौंपी गई है। दूसरी वारदात में रेलवे फ्लाईओवर के नीचे से टाटा 207 ट्रक चोरी होने का मामला भी दर्ज किया गया है। उधर, दूसरी घटना में इस्लामगंज निवासी शबीर अहमद ने बताया कि उन्होंने अपना टाटा 207 ट्रक रायकोट फाटक के पास रेलवे फ्लाईओवर के नीचे खड़ा किया था। जब सुबह पहुंचे तो ट्रक वहां से गायब मिला। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर लिया है और जांच सहायक थानेदार जसपाल सिंह को सौंप दी गई है।लगातार हुई इन दो चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोर गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
