जालंधर के चिकचिक चौक के पास मामूली सी बात ने लड़ाई का रूप ले लिया। एक कार और एक्टिवा की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने बीच सड़क पर एक्टिवा को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में बाउंसरों और फतेह गैंग से जुड़े सदस्यों के बीच हिंसक झड़प की खबर है। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े हुई इस आगजनी और मारपीट से इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी में बाउंसर सवार थे। टक्कर होने के तुरंत बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि गाड़ी सवारों ने एक्टिवा सवार युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। फतेह गैंग की एंट्री के बाद हंगामा विवाद के दौरान ही मौके पर कथित तौर पर फतेह गैंग से जुड़े सदस्य पहुंच गए। इसके बाद मामला और भी ज्यादा गरमा गया। दोनों गुटों के बीच जमकर हंगामा हुआ और देखते ही देखते सड़क जंग का मैदान बन गई। इसी गहमागहमी के बीच हमलावरों ने एक्टिवा को आग लगा दी। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते एक्टिवा जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। तेल लीक होने या जानबूझकर आग लगाने का विवाद घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर के बाद एक्टिवा से पेट्रोल लीक होने लगा था, जिसका फायदा उठाकर हमलावरों ने उसे आग के हवाले कर दिया। वहीं, कुछ राहगीरों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह सोची-समझी गुंडागर्दी थी। तीन लड़कों ने मिलकर एक्टिवा सवार पर हमला किया और फिर दहशत फैलाने के लिए गाड़ी फूँक दी। पुलिस की कार्रवाई वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने जलती हुई एक्टिवा के अवशेषों को कब्जे में ले लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। शहर में दहशत का माहौल दिन-दहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम गैंग और बाउंसरों के बीच हुई इस भिड़ंत से स्थानीय दुकानदार और राहगीर सहमे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
