अलवर में बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत करने गए पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गांव के कुछ युवक 19 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती ने अपने परिवार से बताया तो उसके पिता और ताऊ आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोपी के परिवार वालों ने युवती के पिता और ताऊ पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को पहले अलवर जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात युवती के पिता की मौत हो गई। घटना 22 अप्रैल की है। मृतक की 19 वर्षीय बेटी ने कहा- 20 अप्रैल को पिता के साथ गांव में साइकिल ठीक करवाने गई थी। साइकिल ठीक करवाते वक्त पिता पास की दूसरी दुकान पर चले गए। इसी दौरान गांव के ही चार युवक आ गए। जबरन दोस्ती करने की बात करने लगे। मना करने पर अश्लील बातें कीं। एक आरोपी ने मुझे मोबाइल फोन देने का लालच देकर बात करने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपियों ने धमकाया कि अगर बात नहीं मानी तो गांव में बदनामी कर देंगे। उस समय डर की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया। अगले दिन छेड़छाड़ करने पर घर पर बताया पीड़िता ने बताया- अगले दिन 21 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे जंगल में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गए। मुझे घेर लिया। उन्होंने छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिवार को बताई। परिवार ने लाठी से पीटा घटना के बाद 22 अप्रैल को पिता और ताऊ मुख्य आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। यहां आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने पिता और ताऊ पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में पीड़िता के पिता को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात युवती के पिता की मौत हो गई। थाने के SHO ने कहा कि इस मामले में रिपोर्ट 22 तारीख को ही दर्ज कर ली गई थी। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।