मुख्य सचिव वी श्रीनिवास का बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत करने पर सियासी विवाद हो गया है। कांग्रेस ने इसे ब्यूरोक्रेसी की कमजोर रीढ़ से जोड़ते हुए तंज कसा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्य सचिव वी श्रीनिवास की बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गुलदस्ता देकर स्वागत करने वाली तस्वीर को लेकर एक्स पर लिखा- जब राजस्थान का शीर्ष नौकरशाह एक राज्यसभा सांसद या सत्तारूढ़ दल के अध्यक्ष के सामने इस अंदाज में खड़ा दिखे। तो सवाल सिर्फ प्रोटोकॉल का नहीं, संविधान के प्रति निष्ठा और पूरी ब्यूरोक्रेसी की रीढ़ का है। शीर्ष अफसर की इस तस्वीर से नीचे के प्रशासनिक तंत्र में क्या संदेश जाएगा ? डोटासरा ने लिखा- दलगत प्रभाव का प्रतीक बनती और पद की गरिमा के साथ समझौता करती शीर्ष अफसर की इस तस्वीर से नीचे के प्रशासनिक तंत्र में क्या संदेश जाएगा। उत्सुकता और निकटता के गुलदस्तों में संविधान की महक नहीं दबनी चाहिए। इसलिए मुख्य सचिव के इस अंदाज में अगवानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। मुख्य सचिव ने खुद के एक्स हैंडल से शेयर की थी भाजपा अध्यक्ष के स्वागत की तस्वीरें दरअसल, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने नितिन नवीन का स्वागत करते हुए खुद अपने एक्स पर तस्वीरें शेयर की थी। मुख्य सचिव ने नितिन नवीन के स्वागत वाली तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स पर लिखा था- आज जयपुर में ग्राम रथ अभियान के शुभारंभ समारोह में राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ माननीय नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। ग्राम रथ रवाना करने के ​सरकारी कार्यक्रम में ओटीएस पहुंचे थे नितिन नवीन, वहां मुख्य सचिव ने किया था स्वागत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम भजनलाल शर्मा ने सोमवार को ओटीएस से हरी झंडी दिखाकर ग्राम रथों को रवाना किया था। राजस्थान सरकार 25 से 27 मई तक जयपुर ग्राम टेक समिट कर रही है। इस समिट के प्रचार के लिए ग्राम रथ रवाना किए थे। सरकारी कार्यक्रम में जब सीएम के साथ नितिन नवीन पहुंचे, तब मुख्य सचिव ने उस कार्यक्रम में नितिन नवीन का गुलदस्ते भेंट कर स्वगत किया था। स्वागत की इन तस्वीरों के एक्स पर शेयर करने के बाद अब बहस छिड़ गई है। कांग्रेस के अलावा सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उठाए सवाल मुख्य सचिव के बीजेपी अध्यक्ष का स्वागत करने पर सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने तल्ख कमेंट किए हैं। कई यूजर्स ने इस पर सवाल उठाते हुए इसे ब्यूरोक्रेसी की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाला कदम बताया है। ये भी पढ़ें… नितिन नवीन बोले-एक बार जीत,फिर हार का मिथक तोड़ना है:नेताओं को एकजुट होकर काम करने की सलाह दी; जयपुर में 12KM का रोड शो किया बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को राजस्थान के दौरे पर आए। उन्होंने जयपुर में एयरपोर्ट से प्रदेश बीजेपी ऑफिस तक करीब 12 किलोमीटर तक रोड शो किया। एयरपोर्ट से बीजेपी ऑफिस तक के रास्ते में 11 मंच बनाए गए थे, जहां अलग-अलग विधानसभा और मोर्चा के नेताओं की ओर से स्वागत किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर चढ़कर फूल बरसाए। (पूरी खबर पढ़ें)