जयपुर में बंधक बनाकर एक रिटायर्ड कर्नल से 2.20 लाख रुपए लूटने का मामला सामने आया है। हथियार के दम पर घर में घुसकर नकाबपोश बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। बुजुर्ग को कुछ सुंघाकर बेहोश कर हाथ-पैर और मुंह बांधकर बदमाश ने बेड पर पटक दिया था। बगरू थाना पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर FIR दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- बगरू के ओमेक्स सिटी निवासी 71 वर्षीय रिटायर्ड कर्नल के साथ लूट की वारदात हुई। रविवार दोपहर वह घर पर अकेले थे। दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इस दौरान एक लड़का गेट खोलकर अंदर आया। उसके हाथ में चाकू और पेंट की जेब में पिस्टल रखी थी। घर में घुसे नकाबपोश हेलमेट लगा रखे बदमाश ने धमकाते हुए रुपए मांगे। रुपए नहीं होने की कहने पर मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। बेहोश होने पर बनाया बंधक
बदमाश ने जेब से कुछ निकाल उसे सुंघाया। जिसके सुंघने के बाद बेहोशी छाने लगी। बेहोशी की हालत में बदमाश ने उनके हाथ-पैर और मुंह बांध दिया। जिसके बाद कमरे के ऊपर वाली रैक में रखे 2.20 लाख रुपए निकाले। काले रंग के पिटू बैग में रखकर रुपए लूट कर फरार हो गया। ढाई घंटे बाद आया होश
बेहोश होने के बाद लूट की वारदात कर बदमाश चला गया। जिसके करीब 2:30 घंटे बाद बेहोश टूटी। शाम करीब 4 बजे होश आने पर खुद के हाथ-पैर और मुंह बंधा होना पाया। कमरे में देखने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेड पर वह बंधक की हालत में पड़ा था। 45 मिनट में खुद को खोला
होश आने के बाद उन्होंने शोर मचाकर बुलाने की कोशिश की। मुंह बंद होने के कारण उनकी आवाज कमरे से बाहर नहीं जा सकी। पीड़ित बुजुर्ग ने जैसे-तैसे मशक्कत कर खुद को बंधन मुक्त करने की कोशिश शुरू की। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद खुद के हाथ-पैर और मुंह को बंधन से खोल सके। जिसके बाद रैक में रखे रुपए देखने पर गायब मिले। आस-पड़ोसियों को वारदात के बारे में बताकर बगरू थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगालने के साथ बदमाश की तलाश कर रही है।