करौली शहर में सोमवार दोपहर जिंदल मैरिज हॉल से मुरलीपुरा की ओर जाने वाली सीसी सड़क में अचानक तेज धमाके के साथ दरारें आ गईं। इस घटना से सड़क का एक बड़ा हिस्सा फट गया, जिससे आसपास करीब 200 से 250 फीट तक दरारें पड़ गईं। अप्रत्याशित घटना के कारण सड़क से गुजर रहे राहगीर और आसपास के निवासी सहम गए। तेज आवाज और सड़क के अचानक धंसने से एक बारगी तो लोगों में डर फैल गया। बाद में मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोग सड़क में आई दरारों को देखकर आश्चर्यचकित रह गए। यह सड़क नगरपरिषद द्वारा पिछले वर्ष ही बनाई गई थी। निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही इस तरह से दरारें पड़ना और सड़क का फटना इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, जिनमें सड़क की निर्माण गुणवत्ता पर मुख्य रूप से सवाल उठाए गए। प्रत्यक्षदर्शी दिवाकर माली ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक सड़क में तेज आवाज आई और उसी स्थान पर सड़क फट गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब 200-250 फीट तक दरारें आ गईं। स्थानीय लोग सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि बढ़ते तापमान के कारण भी सड़क में खिंचाव आकर दरारें पड़ सकती हैं, लेकिन इतनी बड़ी दरार का आना सामान्य नहीं है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।