करौली में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के एक संयुक्त दल ने सोमवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का उद्देश्य था। निरीक्षण दल में पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम और उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीणा शामिल थे। इनके साथ करौली, सदर और लांगरा थानाधिकारी भी अपने जाब्ते के साथ मौजूद रहे। पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने जेल के भीतर विभिन्न बैरकों और भोजनशाला का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में बंद कुल 203 कैदियों की भी सघनता से जांच की गई। जांच के दौरान जेल परिसर में कोई भी निषिद्ध या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
