राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग की एक टीम ने रविवार को बालोतरा जिले का दौरा किया। आयोग की डिप्टी डायरेक्टर एवं विभागाध्यक्ष अनुराधा दुसान और सहायक अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने सांसी कॉलोनी का निरीक्षण किया। यह दौरा मां गणपति फैक्ट्री में मशीन की सफाई के दौरान हुई मौतों के संबंध में किया गया था। विभागों के अधिकारियों के साथ की चर्चा इस दौरान, डिप्टी डायरेक्टर अनुराधा दुसान ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इन मौतों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीड़ित घरों का किया दौरा आयोग के अधिकारियों ने सांसी कॉलोनी में पीड़ितों के घरों का दौरा किया और परिजनों से मुलाकात कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित कपड़ा फैक्ट्री का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ये रहे उपस्थित इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फूलचंद, उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार, पचपदरा तहसीलदार गोपीकिशन पालीवाल, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग महेंद्र कुमार, श्रम आयुक्त रामचंद्र गढ़वीर, कारखाना एवं बॉयलर अधिकारी अनिरुद्ध मीणा तथा जिला उद्योग अधिकारी दुष्यंत सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। आयोग के अधिकारियों ने संबंधित विभागों को घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।