धौलपुर जिले में पार्वती नदी में नहा रहे 8 बच्चे डूब गए। पास में भैंस चरा रहे 14 साल के लड़के ने जान पर खेलकर 5 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। उसकी बहन समेत तीन बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्चों को पानी में डूबते देख सौरभ ने नदी में छलांग लगा दी। पांच बच्चों के हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया। उसकी आंखों के सामने उसकी बहन और दो बच्चे गहरे पानी में समा गए। सौरभ ने तुरंत परिजनों और गांव के लोगों को बुलाया। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता एक घंटे तक दो लड़कियों और एक लड़के को ढूंढ कर नदी से निकाला और हॉस्पिटल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना मनियां थाना क्षेत्र के गढ़ाइच गांव में रविवार दोपहर की है। बच्चों का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी में नहाते समय डूबे बच्चे गढ़ाइच गांव निवासी बंटू ने बताया- रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के चलते सुबह 11 बजे सोनम (11) पुत्री रघुवीर, निशु (14) पुत्री भूरी सिंह, भूरा (12) पुत्र रामबरन कुशवाह, संतोष (12) पुत्र रामविलास, खिलोनी (14) पुत्र रामबरन,, रौनक (14) पुत्र रामविलास, संध्या (12) पुत्री बंसीलाल और ईशु (16) पुत्र रोशन लाल नहाने गए थे। गांव से 100 मीटर दूर स्थित पार्वती नदी में बच्चे नहा रहे थे। पास में सोनम का भाई सौरव भैंस चरा रहा था। सौरव ने 5 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। सोनम, निशु और भूरा का पता नहीं चला। ग्रामीण तीनों को तलाश रहे थे कि थोड़ी देर में पुलिस टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तीनों को बाहर निकालकर हॉस्पिटल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने सोनम, निशु और भूरा को मृत घोषित कर दिया। जानिए कैसे हुआ हादसा सोनम के भाई सौरभ (14) ने बताया मैं नदी किनारे अपनी भैंसों को चरा रहा था। मेरी बहन सोनम समेत 8 बच्चे नदी में नहा रहे थे। सौरभ ने बताया- नदी में एक टापू के पास गहरा गड्ढा था, जिसमें बच्चे अचानक गिरने लगे थे। तभी मैं कपड़े उतार कर नदी में कूद गया। नदी में डूब रहे बच्चे एक दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे। इसमें से एक बच्चे ने मेरा हाथ कड़ा पकड़ लिया। जिससे पांच बच्चे बाहर आ गए, जबकि मेरी बहन सहित तीन बच्चे गड्ढे में डूब गए। गांव के स्कूल में पढ़ते थे बच्चे तीनों बच्चे गांव के राजकीय स्कूल में पढ़ते थे। सोनम कक्षा 5 की छात्रा, निशु कक्षा 6 की छात्रा, भूरा कक्षा 6 का छात्र था। गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस घटना के बाद पूरे गढ़ाइच गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मनियां थाना प्रभारी नीरज शर्मा मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।