सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघिन टी-107 सुल्ताना का बेटा टाइगर आरबीटी-2511 ‘मलंग’ एक बार फिर मंदिर मार्ग पर आ गया। दोपहर करीब 2 बजे वह जंगल से निकल अटल सागर के आगे मिश्रदर्रा गेट की तरफ सड़क पर चहल-कदमी करने लगा। इसके बाद सिंह द्वार की ओर चलने लगा और कुछ कदमों का फासला तय कर सिंह द्वार के गेट पर जाकर बैठ गया। टाइगर का मूवमेंट करीब 10 से 12 मिनट तक रहा। इस बीच यहां से गुजर रही गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। सड़क किनारे चल रहे मलंग को क्रॉस कर एक टैक्सी नंबर कार आगे बढ़ गई, जिसे मलंग ने घूरकर देखा। हालांकि मलंग की चहल-कदमी को देखकर पर्यटक और त्रिनेत्र गणेश मंदिर के श्रद्धालु भी रोमांचित हुए। बता दें कि पहले भी कई बार मलंग मिश्र दर्रा गेट के पास चहल- कदमी करता हुआ दिखाई दिया है। टाइगर मलंग बाघिन टी-107 सुल्ताना का बेटा है और रणथंभौर का युवा टाइगर है। पहले भी आया था मंदिर मार्ग पर
इससे पहले भी 27 मार्च को ‘मलंग’ मंदिर मार्ग पर आ गया था। करीब 2 घंटे तक सड़क पर ही बैठा रहा। इस दौरान पर्यटकों से भरी जिप्सी और कैंटर की लंबी कतार लग गई थी। एहतियात के तौर पर तब पर्यटक और मंदिर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद कर दी गई थी, जिससे लंबा जाम लग गया था। हालांकि टाइगर के वापस जंगल में जाने पर पर्यटकों की गाड़ियां निकली। बाघों का कुनबा बढ़कर 78 पहुंचा
वहीं, रणथंभौर टाइगर रिजर्व में शनिवार की देर शाम बाघिन टी-133 शावकों के साथ नजर आई है। रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि गांधरिया दह वन क्षेत्र में वनकर्मियों ने गश्त के दौरान दो शावकों को देखा है। यह गांधरिया दह वन क्षेत्र बाघिन टी-133 की टेरेटरी है। फिलहाल वन विभाग की ओर से कैमरा ट्रैप लगाकर मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे शावकों की संख्या का पता लग सकेगा। इसके बाद रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघ, बाघिन और शावकों की कुल संख्या 78 पहुंच गई हैं। ये खबर भी पढ़िए
टाइगर ने 2 घंटे तक रोका पर्यटकों का रास्ता,VIDEO:त्रिनेत्र गणेश मंदिर के रास्ते पर बैठा रहा बाघ; टूरिस्ट की जिप्सी-कैंटर की लगी कतार सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में टाइगर आरबीटी-2511 ‘मलंग’ मंदिर मार्ग पर आ गया। 2 घंटे तक सड़क पर ही बैठा रहा। इस दौरान पर्यटकों से भरी जिप्सी और कैंटर की लंबी कतार लग गई। पूरी खबर पढ़िए