झुंझुनूं में सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई,एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जयपुर के SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। परिजनों ने बताया- चारों दोस्त घर से 13 किलोमीटर दूर भजन संध्या में गए थे। रात एक बजे कार्यक्रम समाप्त हुआ। रात अधिक होने के कारण तीन दोस्तों ने बाइक वहीं खड़ी कर दी। चौथे दोस्त की कार से चारों घर के लिए रवाना हुए। घर से 5 किलोमीटर पहले कार के सामने मवेशी आने से कार अनियंत्रित होकर 4 बार पलटी खाते हुए सड़क से खेत में जाकर खड़ी हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक का शव कार से 10 फीट दूर खेत में मिला। SHO संजय गौतम ने बताया- झुंझुनूं के चोमालो का मोहल्ला निवासी सुनील शुक्ला (33), रानी सती मंदिर के पास रहने वाला गौरव सैनी (21) और विजय ढंड (35) की हादसे में मौत हो गई। जितेंद्र वालिया (30) घायल है, जिसे झुंझुनूं से जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया है। ‘बाइक पर जाना सेफ नहीं’ परिजनों ने बताया- झुंझुनूं से 13 KM दूर सोनसर स्थित हीरा की ढाणी में भजन संध्या का कार्यक्रम था। रात को भजन संध्या समाप्त हुई, तो 1 बज गया था। तीनों दोस्त विजय, गौरव और सुनील अपनी बाइक से सोनासर ढाणी से झुंझुनूं लौटने के लिए तैयार थे। उनके साथी जितेंद्र वालिया ने उन्हें कहा- रात बहुत ज्यादा हो गई है, इतनी लेट बाइक से झुंझुनूं जाना सेफ नहीं है। बाइक यहीं मंदिर में खड़ी कर दो, हम सब साथ में कार से चलते हैं। उन्होंने अपनी बाइक मंदिर के अहाते में ही खड़ी कर दी। इसके बाद चारों वहां से वरना कार में सवार होकर निकले और सोनासर-धनुरी मार्ग पर हादसा हो गया। परिवार में इकलौता कमाने वाला था विजय के दोस्त अमित सोनी ने बताया- तीनों हमेशा से ही साथ रहते थे। कहीं भी जाना हो एक साथ ही जाते थे। विजय (35) के कंधों पर पूरे घर की जिम्मेदारी थी। परिवार में 2 छोटे भाई और एक छोटी बहन और बूढ़े मां-बाप हैं। विजय हलवाई का काम करता था। उसका विवाह नहीं हुआ था। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। विजय ही इकलौता कमाने वाला था। बीमार पिता की देखभाल कौन करेगा गौरव के दोस्त दिनेश कुमार सैनी ने बताया- वार्ड 53 के रहने वाले गौरव सैनी (21) बहुत ही शांत स्वभाव का था। उसके पिता लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं। गौरव ही उनकी सेवा करता था और इलाज का खर्च उठा रहा था। अब गौरव के घर में कमाने वाला कोई नहीं है। उसका एक छोटा भाई है। धार्मिक कार्यक्रम से सबसे आगे रहता था सुनील सुनील के मित्र अमित सोनी ने बताया- सुनील शुक्ला (33) पुत्र पंडित दीनदयाल शादी में पंडित का काम करता था। इसी से अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। समाज सेवा और अपने मोहल्ले में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में सुनील सबसे आगे रहता था। हादसे की ये खबर भी पढ़ें… तेज रफ्तार कार चार बार पलटी, तीन दोस्तों की मौत: 15 फीट दूर खेत में गिरी, परखच्चे उड़े; प्रत्यक्षदर्शी बोला-एक घंटे बाद मिला तीसरा शव झुंझुनूं जिले में तेज रफ्तार कार पलटने से तीन दोस्तों की मौत हो गई। वहीं कार चला रहा युवक गंभीर घायल हो गया। हादसा धनूरी थाना में झुंझुनूं-मंड्रेला रोड पर शनिवार देर रात 1 बजे हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)