जयपुर के SMS स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। स्टेडियम के बाहर मैच देखने आए दर्शकों की लंबी लाइन लगी हैं। दोनों टीम भी स्टेडियम में पहुंच चुकी हैं। वहीं इस मुकाबले को देखने के लिए राजस्थान के साथ ही देशभर से लोग आए हैं। इंदौर से आई एक महिला ने कहा- मैं अपने दोनों बेटों को मैच दिखाने आई हूं। हम राजस्थान रॉयल्स को सपोर्ट कर रहे हैं। महिला ने कहा- मेरे बच्चे वैभव सूर्यवंशी के फैन हैं। वहीं जयपुर की रहने वाली 75 साल की दादी अपने पोते-पोतियों के साथ मैच देखने पहुंचीं। इसके अलावा चूरू, दौसा, भरतपुर समेत अन्य जिलों से भी दर्शन आए हैं। कई दर्शक राजस्थान रॉयल्स की तो कुछ हैदराबाद को सपोर्ट करने टीम की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे हैं। वहीं टिकट की कालाबाजारी को लेकर भी दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली। एक स्टूडेंट ने कहा- 500 का टिकट 4 हजार रुपए में ब्लैक में दिया जा रहा है। स्टार प्लेयर्स को देखने का क्रेज
राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी, रविंद्र जडेजा, रवि बिश्नोई और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पर सभी की नजरें टिकी है। टीम होम ग्राउंड पर जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। वहीं इस मैच से सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस वापसी कर रहे हैं। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को भी लेकर भी काफी क्रेज देखने को मिल रहा है। देखिए, स्टेडियम के बाहर दर्शकों की PHOTOS इस मैच की 3 बड़ी बात 1. सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस की वापसी
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस इस मैच से वापसी कर रहे हैं।। कमिंस अब ईशान किशन की जगह कप्तानी संभालते नजर आएंगे। चोट के कारण अब तक वे IPL-2026 सीजन से दूर रहे हैं। वे अब पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रहे हैं। 2. दोनों टीमों का पिछला रिकॉर्ड
अगर दोनों टीमों के पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो राजस्थान और हैदराबाद के बीच अब तक IPL में 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 13 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 9 मुकाबलों में सफलता मिली है। आंकड़ों के लिहाज से हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन घरेलू मैदान पर राजस्थान इस रिकॉर्ड को बदलने के इरादे से उतरेगी। 3. जयपुर में पहली बार आमने-सामने होगी दोनों टीम
जयपुर का SMS स्टेडियम आज सिर्फ एक क्रिकेट मैदान नहीं, बल्कि IPL-2026 के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक का गवाह बनने जा रहा है। जयपुर में पहली बार राजस्थान और हैदराबाद आमने-सामने होगी। उम्मीद की जा रही है कि यह मुकाबला रोमांच, बड़े स्कोर और स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भरपूर होगा।