नागौर के खींवसर में बजरी से भरा डंपर कार पर पलट गया। गनीमत रही कि डंपर कार के पिछले हिस्से पर गिरा, जिसकी वजह से कार में आगे बैठे दो लोग बच गए। इससे पहले जब पुलिस ने अवैध बजरी से भरे 6 डंपरों का पीछा किया तो टोल के बैरिकेड तोड़ते हुए, वहां से निकले। मामला जिले के खींवसर के पदमसर चौराहे का शुक्रवार सुबह 10:30 बजे का है। जहां डंपर पलटने के बाद ड्राइवर को हिरासत में लिया गया। ये सभी डंपर बालोतरा जिले के समदड़ी से नागौर आ रहे थे। पुलिस ने इस मामले में दो ड्राइवर को हिरासत में लिया है। देखें फोटो…
पहले टोल तोड़ कर भागे, सड़क पर खाली की बजरी खींवसर थानाधिकारी आईपीएस अदिति उपाध्याय ने बताया कि सुबह जानकारी मिली की अवैध बजरी से भरे डंपर खींवसर से होते हुए नागौर की तरफ आ रहे हैं। इस पर टीम ने खींवसर थाना क्षेत्र में आते ही इनका पीछा करना शुरू किया। पुलिस से बचने के लिए सभी डंपर ड्राइवर ने गाड़ी को दौड़ाया। खींवसर के पास पांकला टोल पर भी बैरिकेड तोड़ते हुए नागौर की तरफ भागने लगे। पुलिस से बचने के लिए इन डंपर ड्राइवरों ने बजरी को सड़क पर ही खाली करना शुरू कर दिया।
बैलेंस बिगडने से हुआ हादसा, 187 किलोमीटर दूर आए खींवसर पुलिस ने पांच किलोमीटर तक इन सभी डंपर का पीछा किया। इसी बीच पांच डंपर बजरी खाली कर निकल गए थे। लेकिन, सबसे लास्ट में चल रहा डंपर पदमपुरा चौराहे पर जब वह डंपर खाली करने लगा तो अनियंत्रित हो गया। वह अनियंत्रित होकर पास चल रही ब्रेजा कार पर पलट गया और सारी बजरी कार के पिछले हिस्से पर बिखर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों ने तुरंत कार सवारों को बाहर निकाला। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर डंपर ड्राइवर और उसके साथी को हिरासत में लिया। खींवसर थानाधिकारी आईपीएस अदिति उपाध्याय ने बताया कि डंपर ड्राइवर स्पीड में गाड़ी दौड़ाते हुए बजरी सड़क पर खाली कर रहा था। सड़क का काम चलने की वजह से वह अनियंत्रित हो गया। बाकी डंपर ड्राइवर टोल के बैरिकेड तोड़ फरार हो गए। हिरासत में लिए ड्राइवर से पूछताछ की तो सामने आया कि ये लोग बालोतरा जिले के समदड़ी से बजरी से भरे डंपर 187 किलोमीटर दूर नागौर ले जा रहे थे। ये कहां से बजरी ला रहे और किसे सप्लाई करने वाले थे, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।
ड्राइवर को लिया हिरासत में, डंपर जब्त थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने डंपर को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। अवैध बजरी परिवहन के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस फरार हुए दूसरे डंपर की तलाश में जुटी है। खींवसर थानाधिकारी आईपीएस अदिति उपाध्याय ने बताया कि अवैध बजरी परिवहन की सूचना मिली थी, जिसमें 6-7 डम्पर शामिल थे। हम इनका पीछा कर रहे थे। पदमसर चौराहे के पास आगे वाला डम्पर बजरी चलते डम्पर से ही रोड़ पर खाली करके भाग गया। लास्ट वाले डम्पर ने भी ऐसा ही प्रयास किया। इसी दौरान रोड़ अंडर कंस्ट्रक्शन होने की वजह से उसका बेलेंस बिगड़ गया और वो एक कार पर पलट गया। हादसे के कारण बाकि जो डम्पर थे वो टोल के बेरीकेट्स तोड़कर भागने में कामयाब हो गए।
