नागौर में महानवमी पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर में नवरात्र के पहले दिन से ही जगह-जगह विराजीं मां दुर्गा की प्रतिमाओं का शोभायात्रा निकालकर विसर्जन किया गया। कॉलोनियों के पार्क, मोहल्ले, घरों और मंदिरों में विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं का श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन किया और उसके बाद एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए शोभायात्रा निकाली। शहर के नकास गेट, भार्गव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, तेलीवाड़ा, लालसागर तालाब क्षेत्र समेत शहर के विभिन्‍न इलाकों में विराजीं दुर्गा माता की प्रतिमाओं का गिनाणी तालाब, शक्कर तालाब, बासनी रोड स्थित जाजोलाई तालाब, जड़ा तालाब, प्रताप सागर तालाब और हवाई पट्‌टी के पास तेलीनाडा तालाब समेत शहर के विभिन्न तालाबों में विसर्जन किया गया। विसर्जन करने से पहले मां दुर्गा की आरती व पूजन किया गया। मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्राओं पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। दोपहर बाद से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की शोभायात्राएं शुरू हो गईं। बुधवार को नागौर शहर समेत आसपास के गांवों में भी अनंत चतुर्दशी पर विभिन्न मंदिरों और अन्य जगहों पर विराजमान हुई मां दुर्गा का श्रद्धालुओं ने 10 दिन तक सुबह-शाम पूजन किया। आज महानवमी पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन करने के बाद श्रद्धालु उन्हें विसर्जन से पहले भ्रमण के लिए लेकर निकले। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में एक-दूसरे को गुलाल लगाई और डीजे पर नाचते-गाते हुए मां दुर्गा को विदाई दी।