शिक्षा मंत्री मदन दिलावर श्रीगंगानगर में सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। मंत्री ने 8वीं के छात्र से पूछा- 49 में 2 जोड़ने पर कितना आएगा। छात्र ने कहा- 60 आएगा। इस जवाब पर मंत्री ने टीचरों को फटकार लगाते हुए कहा- छात्र को साधारण जोड़ भी नहीं आता, तो पढ़ाई कैसे हो रही है। वहीं एक और स्कूल में मंत्री पहुंचे तो छात्र टॉयलेट के बाहर छात्रा और छात्राओं के टॉयलेट के बाहर छात्र लिखा देख भड़क गए। सीडीईओ को व्यवस्था सुधारने के आदेश दिए। मामला जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल (3 एचएच) और सूरतगढ़ की ग्राम पंचायत भगवानगढ़ स्थित 1 डीबीएनडी स्कूल का है। 3 HH की स्कूल के प्रिंसिपल गिरजा शंकर अनुपस्थित मिले। प्रिंसिपल ने अवकाश स्वीकृत भी नहीं कराया था। इसके साथ ही दो अन्य शिक्षक भी बिना सूचना के अवकाश पर थे। अब पढ़िए शिक्षा मंत्री के दौरे की ये रिपोर्ट… शिक्षा मंत्री मदन दिलावर 2 दिन के श्रीगंगानगर दौरे पर हैं। बुधवार सुबह 11:15 बजे मंत्री दिलावर राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल 3 एचएच पहुंचे। कक्षा 1 से 8 तक के इस विद्यालय में कुल 32 छात्रों का नामांकन है। 6 शिक्षक नियुक्त हैं। जब मंत्री ने स्टाफ से गांव की आबादी पूछी तो, उन्होंने बताया कि गांव में करीब 700 लोग रहते हैं। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी आबादी वाले गांव में स्कूल में केवल 32 बच्चे होना गंभीर बात है। 32 बच्चों पर 6 शिक्षक होने के बावजूद पढ़ाई का स्तर बेहतर होना चाहिए था। बोले- जोड़ नहीं आता, पढ़ाई कैसे हो रही इसके बाद शिक्षा मंत्री स्टाफ रूम में बैठे और 8वीं के छात्र-छात्राओं को बुलाकर उनसे पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे। दिलावर ने एक बच्चे से पूछा- 49 में 2 जोड़ने पर कितना होगा, तो बच्चे ने जवाब दिया 60, इसके बाद पीछे खड़े स्टाफ ने कहा- 51 आएगा। तब बच्चे ने कहा- 51इस पर मंत्री ने कहा- 8वीं कक्षा के छात्र को साधारण जोड़ भी नहीं आता, तो पढ़ाई कैसे हो रही है। 3 छात्र देख बोले- स्कूल देखने आते भी हो या नहीं मदन दिलावर ने कक्षा सातवीं का भी निरीक्षण किया। जहां कक्षा में केवल तीन छात्र थे। इस पर शिक्षा मंत्री ने सीडीईओ (मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी) अरविंदर सिंह से कहा कि स्कूल देखने आते हो या नहीं। गौरतलब है कि प्रिंसिपल गिरजा शंकर पिछले 9 वर्षों से इसी स्कूल में पदस्थ हैं। एंट्री गेट पर पुराना बोर्ड शिक्षा मंत्री ने पंचायत समिति सूरतगढ़ की ग्राम पंचायत भगवानगढ़ स्थित 1 डीबीएनडी स्कूल का भी निरीक्षण किया। यह स्कूल 2021 में माध्यमिक से उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत हुआ है। लेकिन, प्रवेश द्वार पर अब भी माध्यमिक विद्यालय का बोर्ड लगा हुआ मिला। निरीक्षण के दौरान स्कूल के टॉयलेट में पानी की व्यवस्था नहीं थी। इतना ही नहीं, छात्राओं के टॉयलेट के बाहर छात्र और छात्रों के टॉयलेट के बाहर ‘छात्रा’ लिखा हुआ मिला। मंत्री ने इन व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। एडीईओ बोले- अनुपस्थित टीचर्स पर कार्रवाई करेंगे श्रीगंगानगर एडीईओ (अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी), अशोक कुमार वधवा ने कहा- शिक्षा मंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान जो भी टीचर अनुपस्थित मिले हैं उनको नोटिस दिए जाएंगे और अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
