जगराओं के कमल चौक से मेन बाजार को जाने वाली कुक्कड़ चौक रोड पर हाल ही में लाखों रुपये की लागत से बनाई गई इंटरलॉकिंग टाइलों की सड़क निर्माण के महज दो दिन बाद ही टूटने लगी। इस घटना से बाजार के दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है। गुस्साए दुकानदारों ने पार्षद रविंदरपाल सिंह राजू कामरेड को मौके पर बुलाया और टूटी हुई टाइलों की स्थिति दिखाई। उन्होंने निर्माण कार्य में बड़े स्तर पर गड़बड़ी और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए। दुकानदारों का कहना है कि नगर कौंसिल पहले से ठीक सड़कों को तोड़कर दोबारा बनवा रही है, लेकिन निर्माण में घटिया क्वालिटी की टाइलें और कमजोर मटेरियल इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़कों के निर्माण में खुलेआम कमीशन का खेल इस मौके पर पार्षद रविंदरपाल सिंह राजू कामरेड ने नगर कौंसिल के अधिकारियों और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों के निर्माण में खुलेआम कमीशन का खेल चल रहा है और बिना किसी तकनीकी जांच के ही ठेकेदारों के बिल पास कर दिए जाते हैं, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप पार्षद ने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल में छोटे कर्मचारियों से लेकर बड़े अधिकारियों तक की मिलीभगत हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि बाजार के लोगों को सड़क की टूटी टाइलें साफ दिखाई दे रही हैं, लेकिन बिल पास करने से पहले अधिकारियों को यह खामियां क्यों नहीं दिखीं। टूटी टाइलों को बदलेंगे: ईओ इस मामले संबंधी नगर कौंसिल के ईओ मोहित शर्मा ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आते ही उन्होंने एमई व जेई को जांच करने के आर्डर कर दिए है और टूटी टाइलों को बदलने के साथ सड़क व मटेरियल की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को कह दिया। उन्होंने साफ कहा सड़क में इस्तेमाल होने वाली टाइल व मटेरियल में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं होगी।
