मानसा जिले में गर्मी की शुरुआत के साथ ही बिजली कटौती से परेशान किसानों ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की। किसानों का आरोप है कि पंजाब सरकार द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावों के बावजूद, पिछले कई दिनों से गांवों में लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारतीय किसान यूनियन (डकौंदा) की अगुवाई में जिला कचहरी मानसा के बाहर यह धरना प्रदर्शन किया गया। किसान नेताओं ने बताया कि गेहूं की कटाई का काम लगभग पूरा हो चुका है, फिर भी बिजली संकट बना हुआ है। बिजली कटौती से लोगों का घरों में रहना मुश्किल किसानों ने कहा कि बिजली कटौती के कारण घरों में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, खेतों में सब्जियों और पशुओं के हरे चारे को पानी देने में भी किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने डीसी को दिया मांग पत्र किसानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि एक तरफ वे निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गांवों में लंबे कट लगने से ग्रामीण परेशान हैं। किसान नेताओं ने डिप्टी कमिश्नर मानसा को एक मांग पत्र सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (डकौंदा) के जिला प्रधान महिंदर सिंह भैणीबाघा, लछमन सिंह चक्क अलीशेर और मनजीत सिंह उलाक ने भी अपने विचार व्यक्त किए।