पंजाब के बरनाला शहर में बस स्टैंड के पास स्थित B-town होटल में पुलिस ने रेड कर 10 जोड़ों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई होटल के साथ स्थित अमर साइकिल स्टैंड की शिकायत पर की गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी गई थी। सिटी वन बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों की तलाशी ली गई। आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। होटल प्रबंधन से दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगा पुलिस हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ कर रही है। उनके परिजनों को भी सूचित किए जाने की संभावना है। पुलिस ने होटल प्रबंधन से भी आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि होटल में आने वालों की सही एंट्री दर्ज की गई थी या नहीं। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक-युवतियां कहां के रहने वाले हैं इसकी अभी जांच चल रही है।