पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक ने आज बरनाला अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की और बताया कि मंडियों में लिफ्टिंग का काम सुचारु रूप से चल रहा है। बरनाला जिले की 104 अनाज मंडियों और 45 खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद जारी है। शाम तक जिले में 1 लाख 36 हजार 697 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी थी, जबकि 1 लाख 89 हजार 920 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई। विभिन्न एजेंसियों द्वारा की गई खरीद में पनग्रेन ने 53710 मीट्रिक टन, मार्कफेड ने 32005 मीट्रिक टन, पनसप ने 32340 मीट्रिक टन और पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन ने 18642 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है। मंत्री कटारूचक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने मंडियों में खरीद के लिए उचित व्यवस्था की है। खरीद के 48 घंटों के भीतर किसानों को भुगतान किया जा रहा है। इस सीजन में राज्य का केंद्रीय पूल में 122 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य है। किसानों और आढ़तियों से की बातचीत मंत्री ने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत की। मंत्री ने खरीद प्रक्रिया और किसानों की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने किसानों और मजदूरों से भी बातचीत की और गेहूं की ढुलाई का जायजा लिया। बेमौसमी बारिश से फसल को नुकसान संघेड़ा निवासी किसान जगसीर सिंह से बात करने पर पता चला कि उनका गेहूं कल आया था और आज उसकी खरीद हो गई। बेमौसमी बारिश से फसल को हुए नुकसान के बारे में पूछे जाने पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विशेष गिरदावरी के निर्देश दिए हैं और पंजाब सरकार किसानों के नुकसान की भरपाई करेगी।इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह, एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम, एसडीएम बरनाला डॉ. अजीतपाल सिंह चहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
