दौसा में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से सरकारी महिला टीचर की मौत हो गई। टीचर फोन पर बात करते हुए पटरियां क्रॉस कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से जयपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गईं। महिला टीचर की बॉडी के कई टुकड़े हो गए। घटना बांदीकुई रेलवे स्टेशन की शनिवार शाम 6:30 बजे की है। हादसे का एक 10 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। जिसमें महिला ट्रेन की चपेट में नजर आ रही है। बांदीकुई की देवतवाल कॉलोनी निवासी सरकारी महिला टीचर रेखा जांगिड़ किशनगढ़ अजमेर में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर पोस्टेड थीं। रविवार की छुट्टी के कारण अपने घर आ रही थीं। अब तस्वीरों में देखिए हादसा… अब 3 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला 1. फोन पर बात करती हुई जा रही थी जीआरपी ASI हनुमान सिंह ने बताया- बांदीकुई की देवतवाल कॉलोनी निवासी सरकारी महिला टीचर रेखा जांगिड़ शनिवार शाम को जयपुर से पूजा एक्सप्रेस ट्रेन से बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर उतरीं। इसके बाद फोन पर बात करते हुए प्लेटफार्म नंबर एक क्रॉस कर रही थीं इसी दौरान दिल्ली से जयपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गईं। महिला टीचर की मौके पर उनकी मौत हो गई। ASI ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फोन पर बात करते हुए ट्रैक पार करने कारण उनका ध्यान ट्रेन की तरफ नहीं गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गईं। 2. किशनगढ़ में पोस्टेड थीं ASI ने बताया- रेखा जांगिड़ साल 2019 से किशनगढ़ (अजमेर) में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर पोस्टेड थीं। उनके पति योगेश जांगिड़ प्राइवेट जॉब करते हैं। इनके एक बेटा और बेटी है। रविवार की छुट्टी होने के कारण वह शनिवार शाम को किशनगढ़ से अपने घर बांदीकुई आ रही थीं। 3. पैसेंजर ने बनाया वीडियो हादसे का वीडियो किसी पैसेंजर ने बनाया है। जिसमें दिख रहा है कि रेखा फोन पर बात करते हुए ट्रैक क्रॉस कर रही हैं। इतने में तेजी से आ रही वंदे भारत की चपेट में आ जाती हैं। ट्रेन की टक्कर से उछल कर दूर जा गिरती हैं। लोग उन्हें बचाने दौड़ते हैं।
