RAS परीक्षा-2024 में जैसलमेर के पोकरण के रहने वाले वीरेंद्र चारण ने दूसरी रैंक हासिल की है। वीरेंद्र चारण ने बताया- मैंने बिना कोचिंग के तैयारी की। जितना कर सकता था, उतना AI का उपयोग किया। टूल्स के जरिए पढ़ता गया और टॉपिक को गहराई तक पढ़ सका। वीरेंद्र ने कहा- अगर AI का सही इस्तेमाल करें तो ये आपकी बहुत मदद कर सकता है। वहीं जैसलमेर के मेघा गांव के स्वरूप सिंह भाटी ने 25वीं रैंक हासिल की। स्वरूप सिंह भाटी से इंटरव्यू के दौरान मुस्कुराने पर खुशी के पैरामीटर को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे करप्शन और खुशी का संबंध भी पूछा गया। पढ़िए जैसलमेर के वीरेंद्र और स्वरूप सिंह की RAS बनने की जर्नी… हेड कॉन्स्टेबल पिता का बढ़ाया मान
जैसलमेर पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल जेठूदान चारण के बेटे वीरेंद्र चारण की RAS-2024 में सेकेंड रैंक आई है। इससे पिछली परीक्षा में वीरेंद्र का चयन तहसीलदार के पद पर हुआ था। वीरेंद्र अभी ट्रेनिंग ले रहे हैं। अपनी सफलता को लेकर वीरेंद्र कहते हैं- मैंने बिना किसी कोचिंग के घर पर ही तैयारी की। ज्यादा से ज्यादा AI का यूज लिया। चैट जीपीटी के जरिए सवालों के जवाब निकाले। गहराई तक पढ़ा, ताकि कठिन सब्जेक्ट में भी पूरी जानकारी मिल सके। AI से सवाल पूछे और हर सवाल के जवाब को गहराई तक पढ़ता गया। इंटरव्यू में टॉपर से ज्यादा नंबर हासिल किए
वीरेंद्र ने RAS-2024 के टॉपर दिनेश विश्नोई से इंटरव्यू में 9 नंबर ज्यादा हासिल किए हैं। अपने इंटरव्यू को लेकर वीरेंद्र ने बताया- बोर्ड ने मुझसे सवाल किया कि SDM बनने पर बूंदी में टूरिज्म कैसे बढ़ाएंगे? मैंने कहा- नाइट टूरिज्म और वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के जरिए राजस्व बढ़ाया जा सकता है। पुरानी बावड़ियों और कुओं को पुनर्जीवित कर टूरिज्म विकसित किया जा सकता है। UPSC में 2 बार इंटरव्यू तक पहुंचे, सिलेक्ट नहीं हुए
जैसलमेर के मेघा गांव के साधारण पशुपालक अर्जुन सिंह भाटी के बेटे स्वरूप सिंह भाटी ने RAS-2024 में 25वीं रैंक हासिल की है। स्वरूप के भाई खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। स्वरूप सिंह भाटी की RAS-2023 में 385वीं रैंक आई थी। फिलहाल जयपुर में जिला उद्योग केंद्र में सहायक आयुक्त की पोस्ट के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं। स्वरूप सिंह का इंटरव्यू राउंड सबसे रोचक रहा, पढ़िए इंटरव्यू के अंश… स्वरूप ने बताया- जैसे ही बोर्ड के सामने दाखिल हुआ तो उन्होंने पूछा- बहुत ज्यादा खुश दिख रहे हो आप? जवाब- सर, इंटरव्यू का सबसे बढ़िया दिन है, इसलिए खुश हूं ताकि बढ़िया परफॉर्म कर सकूंगा। सवाल- खुशी के क्या पैरामीटर होते हैं? यूनाइटेड नेशन ने इसके क्या पैमाने बनाए हैं? जवाब- इसके 6 पैरामीटर हैं। सवाल- करप्शन को लेकर आपका नजरिया क्या है? ये भी खुशी का पैमाना तय करता है? जवाब- करप्शन करने वाले के मन में हीन भावना रहती है, जब भावना ही हीन रहेगी तो खुश कैसे रहेंगे? सवाल- राष्ट्र प्रथम क्या होता है? जवाब- राष्ट्र हमारी प्राथमिकता है। सवाल- कुर्सी पर बैठकर तो हर कोई यही बोलता है? जवाब- कुर्सी बदल सकती है, लेकिन राष्ट्र नहीं बदलेगा। RAS रिजल्ट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… मां ने जमीन गिरवी रख बेटी को पढ़ाया, बनीं RAS:पहले प्रयास में 23 साल की शालू का सिलेक्शन, आधा नंबर से टॉपर बने दिनेश राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा-2024 में बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने टॉप किया है। पिछली परीक्षा में उन्होंने 57वीं रैंक हासिल की थी। फिलहाल आरपीएस की ट्रेनिंग कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
