राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस-ट्रक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे पिनान के पास चैनल नंबर-100 इंटरचेंज पुलिया के समीप उज्जैन से दिल्ली जा रही बस केमिकल से भरे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में फिरोजाबाद (यूपी) निवासी ड्राइवर मोनू यादव (33), उसकी पत्नी रीना यादव (32) और 8 वर्षीय बेटी डोली यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, उनकी 2 साल की बेटी सुरक्षित बच गई, जिसे राजगढ़ थाना पुलिस अपने साथ ले गई। बच्ची लगातार अपनी मां को याद कर रोती रही।
घटना में घायल 30 लोगों में से 12 को अलवर और 2 को जयपुर रेफर किया गया था। जयपुर भेजे गए दो घायलों ने मंगलवार देर रात दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान नीर (21) निवासी इटावा (यूपी) और मक्खन सिंह (38) निवासी रघुवीरपुरा, झुंझुनूं के रूप में हुई है। राजगढ़ पुलिस ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। घायलों का इलाज राजगढ़, रैणी, अलवर और जयपुर के अस्पतालों में जारी है। यात्रियों का आरोप है कि बस की रफ्तार तेज थी और ड्राइवर को झपकी आ रही थी, बावजूद इसके वह बस चलाता रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।