डूंगरपुर के लक्ष्मण मैदान में चल रही वूमेन क्रिकेट प्रतियोगिता इन दिनों आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दूधिया रोशनी में खेले जा रहे मुकाबलों में महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन दर्शकों को रोमांचित कर रहा है। मंगलवार को जनकुंवर टाइटन आसपुर और काली बाई फाइटर सीमलवाड़ा ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
जिला क्रिकेट संघ सचिव सुशील जैन ने बताया कि पहले मुकाबले में राजमाता देवेंद्र कुंवर रॉयल और जनकुंवर टाइटन आसपुर आमने-सामने थीं। रॉयल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 133 रन बनाए, जिसमें स्नेहा ने 51 और कप्तान बबीता मीणा ने 22 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आसपुर टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। मनीषा चौधरी ने नाबाद 73 रन और ज्योति चौधरी ने 38 रन बनाकर टीम को केवल एक विकेट खोकर जीत दिलाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए मनीषा चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में गवरी बाई स्टार सागवाड़ा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन बनाए। ईशा गजराज ने 53 रन और अक्षिता शारदा ने 33 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में काली बाई फाइटर सीमलवाड़ा की टीम ने 17 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डिंपल शेखावत ने 41 रन और प्रिया यादव ने 29 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। डिंपल शेखावत को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। महिला खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों ने शहरवासियों का उत्साह बढ़ा दिया है। प्रतियोगिता में नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी, पार्षद राजीव चौबीसा और जी न्यूज़ के अखिलेश शर्मा जैसे अतिथि मौजूद रहे।
