अजमेर जिले के पुष्कर की छोटी बस्ती स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में कृष्ण भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान समाज के दो गुटों में मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लिया। थाना अधिकारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया-दोपहर 2 बजे सूचना मिली थी कि माहेश्वरी सेवा सदन में मारपीट हो रही है। इस टीम मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामले को शांत कराया। कार्यकारी अध्यक्ष बोले-संस्था की छवि को पहुंचाया जा रहा नुकसान माहेश्वरी सेवा सदन के कार्यकारी अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा ने बताया-दोपहर 1:30 बजे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी महाराज द्वारा विधिवत कृष्ण भवन का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के थोड़ी देर बाद समाज की बैठक में कुछ लोग लोकार्पण का विरोध करने लगे। इस पर वाद-विवाद ज्यादा बढ़ने पर मारपीट हो गई। रामकुमार भूतड़ा ने बताया-कृष्ण भवन के लोकार्पण को लेकर कुछ लोग असंतोष फैला रहे हैं। जबकि साधारण सभा की बैठक में सर्व सम्मति से लोकार्पण का निर्णय लिया गया था। इसके बाद भी संस्था और समाज की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। भूतड़ा ने बताया-कार्यक्रम में पूरे राजस्थान से 500 लोग शामिल हुए। विरोध होना स्वाभाविक है। मगर संस्था ने कुछ गलत नहीं किया। जैसे ही लंबित काम पूरे होंगे, उसके बाद चुनाव की प्रक्रिया कराई जाएगी। 9 दिसंबर को पूरा हो चुका है कार्यकाल माहेश्वरी सेवा सदन के निर्वतमान मंत्री मुरलीधर झंवर ने बताया-सेवा समिति का कार्यकाल 9 दिसंबर 2025 को पूरा हो चुका है। नए चुनाव के बाद ही भवन का उद्घाटन होना चाहिए था। इस मुद्दे को लेकर सात पदाधिकारियों ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था, मगर उन्हें स्वीकार नहीं किया गया। वर्तमान पदाधिकारियों ने चुनाव नहीं कराए और अपनी मनमर्जी से कार्यक्रम आयोजित किया। झंवर ने कहा-विरोध पूरी तरह से सांकेतिक और शांतिपूर्ण था। हम लोग गुरुदेव का सम्मान करने के साथ अध्यक्ष और महाराज को ज्ञापन देने के लिए पहुंचे थे। मगर बावजूद कार्यक्रम में बाहरी और कथित रूप से दबंग लोगों को बुलाया गया, जिससे माहौल बिगड़ गया। झंवर ने आरोप लगाया कि मेरे साथ मारपीट की गई। जमीन पर गिराकर लातों से मारा गया। पदाधिकारियों पर हमला कराने का आरोप माहेश्वरी सेवा सदन के निवर्तमान उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया-12 अप्रैल को वर्तमान अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा को ज्ञापन देकर अनुरोध किया गया था कि जब तक मामला कोर्ट में लंबित है। तब तक लोकार्पण की प्रक्रिया को रोका जाए। दरअसल चुनाव नहीं होने को लेकर एक पक्ष ने कोर्ट में अपील की थी। इसके बाद मामले की सुनवाई हो रही थी। इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान असामाजिक तत्वों और बाहरी लोगों को बुलाकर पदाधिकारियों पर हमला करवाया गया, जो बेहद निंदनीय है। जांच में जुटी पुलिस पुष्कर थाना अधिकारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया-मामले को लेकर किसी पक्ष की ओर से अभी तक रिपोर्ट नहीं दी गई है। मारपीट के कुछ वीडियो सामने आए हैं। जिनकी जांच की जा रही है। …. यह खबर भी पढें पुष्कर में समाज की बैठक में चले लात-घूंसे, VIDEO:एक युवक का सिर फटा, दो गुटों में चल रहा था टकराव अजमेर के पुष्कर में समाज की बैठक में लात-घूंसे चल गए। एक युवक का सिर फट गया। ये सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। घटना रविवार दोपहर 3 बजे बड़ी बस्ती स्थित बाबा रामदेव मंदिर में हुई। (पढ़ें पूरी खबर)
