हनुमानगढ़ जिले के मक्कासर गांव में मंगलवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में दो ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग मक्कासर गांव की गली नंबर 6 में रामरख खीचड़ के घर के बाहर खड़े वाहनों में लगी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण ट्रैक्टर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग अचानक भड़की और देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। तेज लपटों और धुएं के कारण आसपास के लोग घबरा गए, जिसके बाद तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी मीनाक्षी, थानाधिकारी रामचंद्र कसवां और एएसआई हंसराज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल विभाग को भी तुरंत बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि खड़े वाहनों को बचाने का कोई मौका नहीं मिला और दोनों ट्रैक्टर तथा बाइक पूरी तरह जल गए। आग के आसपास के मकानों तक फैलने की आशंका थी, लेकिन समय रहते उस पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया और पानी डालकर उसे फैलने से रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई है। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की जांच जारी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।