चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रण हटाया। एक सब्जी विक्रेता ने जब गुमटी हटाने का विरोध किया तो होमगार्ड उसे अपनी गाड़ी में बैठाने के लिए ले जाने लगे। इसी दौरान सब्जी विक्रेता का 5 साल का मासूम बेटा पिता से लिपट गया और उन्हें यहां से नहीं ले जाने की जिद करने लगा। मामला चारभूजा इलाके के बप्पा रावल चौराहे का है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। बिना सूचना दिए तोड़ दी गुमटी-सब्जी विक्रेता सब्जी विक्रेता लालचंद ने बताया- मैं पिछले 4 साल से यहां गुमटी लगाकर सब्जी बेच रहा हूं। सोमवार को नगरपालिका का दस्ता आया और बिना पहले सूचना दिए मेरी गुमटी तोड़ दी। घटना के दौरान मैं दुकान से 100 मीटर दूर मेरे मकान पर था। मुझे सूचना मिली तो मैं अपने 5 साल के बेटे को लेकर मौके पर पहुंचा। जब मैंने नगरपालिका के अधिकारी नरपत सिंह से दुकान तोड़ने का कारण पूछा और करवाई का विरोध किया तो उन्होंने मुझे मेरे मासूम बेटे के सामने थप्पड़ मारा। इसके बाद 2 होमगार्ड मुझे पकड़कर गाड़ी में बैठने ले जाने लगे। यह सब देख मेरा बेटा मेरे पांव के लिपट गया और रोते हुए कहने लगा पापा को छोड दो, इन्हें मत पकड़ों। इस कार्रवाई में मेरा 40 से 50 हजार का नुकसान हुआ है। अगर वो मुझे पहले सूचना दे देते तो मैं इसे हटा लेता। मामले में मैंने रावतभाटा पुलिस थाने और ऑनलाइन पॉर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है। सब्जी विक्रेता ने टीम के साथ बदसलूकी की-नरपत सिंह नगरपालिका अतिक्रमण रोधी दस्ते के प्रभारी नरपत सिंह ने बताया- चारभुजा परमाणु बिजलीघर मार्ग पर सड़क किनारे अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई की। यह रूटीन कार्रवाई है। इस दौरान संबंधित सब्जी विक्रेता ने टीम के साथ बदसलूकी की, जिसके चलते उसे पाबंद किया गया था। नगरपालिका ने संवेदनहीनता दिखाई-कांग्रेस कांग्रेस नगर अध्यक्ष शंकर बुनकर ने कहा-एक और पूरा देश डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मना रहा था, दूसरी ओर नगरपालिका की इस कार्रवाई ने संवेदनहीनता की तस्वीर पेश कर दी। शहर में बड़े और रसूखदार लोगों के अतिक्रमण पर प्रशासन चुप्पी साधे रहता है, जबकि गरीब मजदूर और रेहड़ी-ठेला लगाने वालों पर सख्ती दिखाई जाती है। इस घटना से आमजन में आक्रोश है।